श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमृतसर के आसपास रविवार रात संदिग्ध ड्रोन गतिविधि सामने आने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। एयरपोर्ट परिसर और आसपास के आसमान में दो से तीन ड्रोन देखे जाने के बाद एहतियातन रनवे का संचालन रोक दिया गया। इस दौरान अमृतसर आने वाली तीन उड़ानों को दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट करना पड़ा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9:30 बजे एयरपोर्ट पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने परिसर और आसपास के आसमान में संदिग्ध ड्रोन उड़ते देखे। जवानों ने तुरंत इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एहतियातन उड़ानों का संचालन रोक दिया गया। तीन उड़ानों का बदला गया मार्ग संदिग्ध ड्रोन गतिविधि के चलते दिल्ली से अमृतसर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-855 को वापस दिल्ली भेज दिया गया। वहीं, मुंबई से अमृतसर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-5028 को चंडीगढ़ और कुआलालंपुर से आ रही मलेशिया एयरलाइंस की फ्लाइट MH-118 को दिल्ली डायवर्ट किया गया। उड़ानों का मार्ग अचानक बदले जाने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए, जबकि उड़ानों में देरी और संचालन प्रभावित होने से यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली। कुछ यात्रियों ने अधिकारियों से स्थिति की जानकारी मांगी, लेकिन शुरुआत में उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिल पाया। हालांकि, रात करीब 10:30 बजे के बाद स्थिति सामान्य होने लगी। सितंबर में भी सामने आई थी ड्रोन गतिविधि अमृतसर एयरपोर्ट के आसपास संदिग्ध ड्रोन देखे जाने का मामला पहले भी सामने आ चुका है। छह सितंबर की रात करीब 9:40 से 9:50 बजे के बीच रनवे और ऑपरेशनल एरिया के पास आसमान में संदिग्ध ड्रोन उड़ते देखे गए थे। उस दौरान सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट का संचालन करीब 90 मिनट तक रोकना पड़ा था। इस घटना के चलते अमृतसर आने वाली सात व्यावसायिक उड़ानों को डायवर्ट कर दिल्ली और चंडीगढ़ भेजा गया था। ड्रोन उड़ाने वालों की पहचान नहीं फिलहाल रविवार रात देखे गए संदिग्ध ड्रोन की गतिविधियों और उन्हें उड़ाने वालों के बारे में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर रही हैं। जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है।