गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ नेता अनिल जोशी ने दोनों महान नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पंजाब सेवा दल के पदाधिकारियों और विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। पत्रकारों से बातचीत में अनिल जोशी ने कहा कि महात्मा गांधी ने अहिंसा और शांति के मार्ग पर चलते हुए देश को एकजुट किया और स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि “अहिंसा परमो धर्म:” का संदेश आज भी प्रासंगिक है और शांतिपूर्ण तरीके से ही किसी संघर्ष में वास्तविक सफलता हासिल की जा सकती है। लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए जोशी ने कहा कि उन्होंने देश के कठिन दौर में प्रधानमंत्री का पद संभाला और अपनी सादगी, ईमानदारी तथा दृढ़ इच्छाशक्ति से देश का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी सादगी और त्याग की मिसाल थे। जोशी ने कहा कि गांधी और शास्त्री जैसे महान व्यक्तित्वों ने भारतीय संस्कृति और उच्च आदर्शों को अपने जीवन में उतारा। उन्होंने पंजाब सेवा दल की ओर से समाजसेवा और संगठन को मजबूत करने के लिए किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।