फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमपी: चार दिन से बंद थी बिजली, अचानक आई सप्लाई और छत पर महिला की करंट से मौत; शव रखकर हंगामा

Tue, 22 Sep 2026 12:53 PM IST
टीकमगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, टीकमगढ़

टीकमगढ़ जिले के चंदेरा गांव में विद्युत करंट की चपेट में आने से 30 वर्षीय महिला लाड कुंवर कुशवाहा की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के कार्यालय के बाहर महिला का शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के ओआईसी और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मृतका के परिजनों के अनुसार, चंदेरा गांव में पिछले करीब चार दिनों से विद्युत व्यवस्था बंद थी। बिजली बंद होने के कारण ग्रामीण अपने घरों में विभिन्न कार्य कर रहे थे। इसी दौरान लाड कुंवर कुशवाहा भी अपने घर की छत पर काम करने के लिए गई थीं। परिजनों का आरोप है कि काम के दौरान अचानक विद्युत आपूर्ति चालू कर दी गई। छत पर पड़ी विद्युत केबल में करंट प्रवाहित होने के कारण महिला उसकी चपेट में आ गई और गंभीर रूप से झुलस गई।

परिजनों के मुताबिक, करंट लगने के बाद महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। आक्रोशित परिजन शव को लेकर विद्युत विभाग के कार्यालय पहुंचे और वहां शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ये भी पढ़ें- गुना: सरकारी काम की फाइल समझकर खोला लिंक, ठगों ने पंचायत सचिव के खाते से उड़ाए 3.05 लाख रुपये

परिजनों का आरोप है कि विद्युत आपूर्ति बहाल करने से पहले विभाग की ओर से ग्रामीणों को किसी तरह की सूचना नहीं दी गई। यदि बिजली चालू करने की जानकारी पहले दी जाती तो महिला छत पर काम नहीं कर रही होती और यह हादसा टल सकता था। ग्रामीणों ने घटना के लिए जिम्मेदार विद्युत कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल विद्युत कार्यालय के बाहर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन जारी है। मौके पर पुलिस भी पहुंची है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों की मांग है कि मामले की जांच कर लापरवाही के लिए जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए तथा मृतका के परिवार को उचित सहायता प्रदान की जाए।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें