क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ लखनऊ की ओर से सेज क्रिकेट ग्राउंड में विमेंस प्रीमियर क्रिकेट लीग का आयोजन किया जा रहा है। लीग का उद्देश्य महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से महिला खिलाड़ी लखनऊ पहुंची हैं। आयोजकों के मुताबिक, जिलास्तर पर महिला क्रिकेट के लिए इस तरह की लीग का आयोजन पहली बार किया जा रहा है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है। महिला खिलाड़ियों का कहना है कि इस पहल से उन्हें पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, प्रतियोगिता को देखकर दूसरी लड़कियों को भी क्रिकेट खेलने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलेगी। लीग में खिलाड़ियों के बीच मुकाबलों को लेकर उत्साह का माहौल है।