दुबग्गा के लालजी टंडन वार्ड अंतर्गत उमरावखेड़ा गांव में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से ग्रामीणों और किसानों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। जलभराव के चलते गांव में आवागमन प्रभावित है। किसानों को मवेशियों के लिए चोकर और अन्य जरूरी सामान नाव के सहारे ले जाना पड़ रहा है।किसानों ने बताया कि मवेशियों का दूध भी बड़े कैनों में भरकर नाव से बाहर लाया जा रहा है। इसके बाद दूध को मंडी तक पहुंचाया जाता है। अत्यधिक जलभराव के कारण खेतों से हरा चारा नहीं मिल पा रहा है। इससे मवेशियों के दूध उत्पादन पर भी असर पड़ा है। किसानों का कहना है कि दूध की मात्रा और गुणवत्ता प्रभावित होने से उन्हें अपेक्षित दाम नहीं मिल पा रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक,बाढ़ के कारण रोजमर्रा की जरूरतों के साथ पशुपालन भी मुश्किल होता जा रहा है। किसानों ने प्रशासन से मवेशियों के लिए चारे और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था कराने की मांग की है।