लखनऊ के बांग्ला बाजार स्थित भदरूख कॉलोनी में बरसात के 24 घंटे बाद भी जलनिकासी व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट सकी। कॉलोनी की नालियां बजबजा रही हैं और मुख्य सड़क पर सिल्ट फैली होने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस सड़क पर सिल्ट जमा है, उसी रास्ते से स्कूल जाने वाले बच्चों और अन्य राहगीरों का रोजाना आवागमन होता है। निवासियों के अनुसार, घरों के सामने रोजाना गंदा पानी भरने की समस्या से परेशान होकर उन्होंने अपने खर्च पर सड़क को ऊंचा कराया, ताकि पानी घरों तक न पहुंचे। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि कई बार नगर निगम और स्थानीय पार्षद को शिकायत करने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्रवासियों ने नालियों की सफाई, सड़क से सिल्ट हटाने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है।