उत्तर प्रदेश की नगर पालिकाओं, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के निर्वाचित सभासदों ने अधिकारों, सम्मान और वित्तीय सशक्तिकरण की मांग को लेकर हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर सामूहिक धरना-प्रदर्शन किया। उत्तर प्रदेश सभासद एसोसिएशन (नगरीय निकाय) के बैनर तले हुए प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के नाम 10 सूत्रीय मांग-पत्र सौंपा गया। सभासदों ने न्यूनतम 20 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय, 5 हजार रुपये पेंशन और यात्रा भत्ता बढ़ाकर 5 हजार रुपये करने की मांग की। इसके साथ ही प्रत्येक वार्ड के विकास के लिए एक लाख रुपये प्रतिमाह वार्ड विकास निधि, पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सेवा और 20 लाख रुपये के दुर्घटना बीमा की मांग रखी गई। सभासदों ने ग्राम पंचायत भवन की तर्ज पर वार्ड भवन बनाने और ‘ई-नगर स्वराज’ पोर्टल लागू करने की भी मांग की। एसोसिएशन ने कहा कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो प्रदेशभर के सभासद सामूहिक इस्तीफे का कदम उठा सकते हैं।