ग्राम पंचायत अपर लोहारा के थनीकपुरा में सोमवार तड़के एक घर के पास अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। वार्ड नंबर-2 निवासी प्रकाश चंद के घर के समीप रात करीब दो बजे अजगर नजर आया। अचानक अजगर दिखाई देने से परिवार के सदस्य घबरा गए, लेकिन उन्होंने उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय सावधानी बरतते हुए सुरक्षित रखने का प्रयास किया। परिवार के सदस्यों और पूर्व वार्ड पंच वीरेंद्र कुमार ने अजगर को घेर लिया। इसके बाद उसके ऊपर बाल्टी रख दी गई, ताकि वह रात के समय इधर-उधर न जा सके और सुरक्षित रहे। स्थानीय लोगों ने अजगर को पकड़ने के बजाय वन विभाग को सूचना देने का फैसला किया। सुबह इसकी जानकारी वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया। टीम में सुनील कुमार, दीप्ति रेंजर कॉल कर्मचारी और राकेश कुमार शामिल रहे। वन विभाग की टीम ने अजगर को सुरक्षित पकड़ने के बाद उसे जंगल में छोड़ दिया। अजगर के रेस्क्यू होने के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम का मौके पर पहुंचकर अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए आभार जताया। स्थानीय लोगों ने जिस तरह अजगर को नुकसान पहुंचाए बिना उसे घेरकर रखा और वन विभाग को सूचना दी, उसे सुरक्षित तरीका माना गया। ऐसे मामलों में वन्यजीव को छेड़ने या खुद पकड़ने का प्रयास करने के बजाय संबंधित वन विभाग को सूचना देना अधिक सुरक्षित रहता है।