भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर राजीव बिंदल ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री को लगता है कि प्रदेश में भाजपा गुटों में बंटी है तो वह अभी चुनाव करवा लें, वास्तविकता सामने आ जाएगी कि कौन गुटों में बंटा है। ऊना में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर को कांग्रेस सरकार तीन साल का जश्न, बर्बादी का जश्न मंडी में मनाने जा रही है। लेकिन यह जश्न नहीं आपदा से त्रस्त लोगों के घाव को भरने की बजाय उनको कुरेदने का काम है। 3 साल में सरकार ने झूठ का सहारा लेकर लोगों को गुमराह करने की राजनीति की है। उन्होंने कहा कि 4 दिसंबर को भाजपा कांग्रेस सरकार के विफलताओं के विरोध में धर्मशाला में प्रदर्शन करने जा रही है। उन्होंने कहा कि इसी दिन से कांग्रेस सरकार का काउंटडाउन शुरू हो जाएगा। कहा कि प्राइमरी स्कूल से इंग्लिश मीडियम शुरू किया जा रहा है। जबकि शिक्षक इंग्लिश पढ़ाने के लिए प्रशिक्षित तक नहीं है। शिक्षा बोर्ड पर भरोसा नहीं है तो अब सीबीएसई बोर्ड के माध्यम से स्कूलों का संचालन किया जा रहा है। सरकारी क्षेत्र में नौकरियां खत्म करके मित्रों की भर्ती की जा रही है। इससे बेरोजगारों के साथ भद्दा मजाक वर्तमान की कांग्रेस सरकार कर रही है। कहा कि चंबा से लेकर सिरमौर तक ऊना से लेकर किन्नाैर तक गोलीकांड, ड्रग माफिया सहित अनेकों माफिया सक्रिय हैं और सरकार ने अपने तीन 3 साल भाजपा का नाम रटने में ही बिता दिए हैं।