डाक सप्ताह के उपलक्ष्य में आर्य पब्लिक स्कूल बंगाणा में डाक विभाग की राष्ट्रीय पत्र लेखन प्रतियोगिता ‘ढाई आखर’ के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्कूल के 78 विद्यार्थियों ने भाग लेकर पत्रों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण के प्रति अपने संकल्प व्यक्त किए। इस वर्ष प्रतियोगिता का विषय ‘धरती माता के नाम पत्र: प्रकृति की रक्षा का मेरा संकल्प’ रखा गया है। इसके माध्यम से प्रतिभागियों को प्रकृति के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को पत्र के जरिए व्यक्त करने का अवसर मिल रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर निर्धारित की गई है। पुरस्कारों के तहत राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 25 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 10 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 5 हजार रुपये दिए जाएंगे। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 25 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार 10 हजार रुपये निर्धारित हैं। डाक विभाग ने विद्यार्थियों और नागरिकों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। प्रतियोगिता से संबंधित अधिक जानकारी नजदीकी डाकघर या भारतीय डाक विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.indiapost.gov.in से प्राप्त की जा सकती है।