सोलन जिले में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। गुरुवार को सुबह मौसम साफ रहने और हल्की धूप निकलने के बाद दोपहर करीब तीन बजे अचानक मौसम ने करवट ली। देखते ही देखते आसमान में बादल छा गए और शहर सहित आसपास के इलाकों में बारिश शुरू हो गई। दोपहर बाद शुरू हुई बारिश का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है। हालांकि लगातार वर्षा से निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में फिसलन की आशंका भी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने पहले ही सोलन समेत प्रदेश के कई जिलों में आगामी चार दिनों तक बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही सफर करने का आग्रह किया गया है।