वल्लभ राजकीय महाविद्यालय मंडी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए महाविद्यालय केंद्रीय छात्र संगठन का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को आयोजित किया गया। समारोह में एमएससी गणित प्रथम सेमेस्टर के अभिषेक कल्याण को केंद्रीय छात्र संगठन का अध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा बीएससी तृतीय वर्ष के खुशवंत को उपाध्यक्ष, बीकॉम द्वितीय वर्ष की मुस्कान को सचिव और बीए प्रथम सेमेस्टर की नेहा देवी को सह-सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार ने सभी पदाधिकारियों और कक्षा प्रतिनिधियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि केंद्रीय छात्र संगठन विद्यार्थियों की रचनात्मक ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ महाविद्यालय के शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक वातावरण को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्र प्रतिनिधियों से अनुशासन, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही विद्यार्थियों की समस्याओं को महाविद्यालय प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने की बात कही। मीडिया समन्वयक फ्लाइंग ऑफिसर डॉ. चमन ने बताया कि केंद्रीय छात्र संगठन में शैक्षणिक, खेलकूद, राष्ट्रीय कैडेट कोर, राष्ट्रीय सेवा योजना, रोवर्स-रेंजर्स, सांस्कृतिक गतिविधियों और विभिन्न क्लबों एवं समितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। नवनियुक्त अध्यक्ष अभिषेक कल्याण ने कहा कि केंद्रीय छात्र संगठन विद्यार्थियों और महाविद्यालय प्रशासन के बीच सेतु के रूप में काम करेगा। विद्यार्थियों के हितों से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर उठाने के साथ महाविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के कक्षा प्रतिनिधियों के अलावा विभिन्न क्लबों और समितियों के प्रतिनिधियों ने भी शपथ ली। वरिष्ठ प्राध्यापकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और कैडेटों को उनके दायित्वों की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में डॉ. राजकुमार ठाकुर ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा, जबकि डॉ. ज्योत्सना सिंह और डॉ. अर्चना शर्मा ने मंच संचालन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत और समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।