हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के दौरान रविवार को अहीर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी के दौरान सिटी थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह और उनकी टीम ने एक महिला परीक्षार्थी का साल खराब होने से बचा लिया। महिला परीक्षार्थी परीक्षा देने अहीर कॉलेज पहुंची, लेकिन वह अपना मूल आधार कार्ड घर पर ही भूल आई थी। परीक्षा केंद्र के नियमों के तहत पहचान पत्र के बिना उसे प्रवेश नहीं दिया जा रहा था। आसपास साइबर कैफे और फोटोकॉपी की दुकानें भी बंद थीं, जिससे वह काफी परेशान हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ सिटी सूबे सिंह तुरंत उसकी मदद के लिए आगे आए। उन्होंने परीक्षार्थी को सरकारी वाहन से सिटी थाना पहुंचाया, जहां थाने के कंप्यूटर सिस्टम से उसके आधार कार्ड की कॉपी निकलवाई गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे सुरक्षित और समय रहते वापस परीक्षा केंद्र पहुंचाया, जिससे वह निर्धारित समय पर परीक्षा में शामिल हो सकी।