भगवान परशुराम जयंती एवं अक्षय तृतीया के पर जींद-सफीदों रोड के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास रविवार को सफीदों गेट पर डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा ने पूजा-अर्चना कर किया। यह परियोजना जींद के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी। डॉ. मिड्डा ने बताया कि इस परियोजना के तहत जींद से सफीदों तक करीब 41 किलोमीटर लंबी सड़क का नवीनीकरण किया जाएगा। इसकी चौड़ाई लगभग 10 मीटर होगी। इस कार्य पर करीब 56.62 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शहर क्षेत्र में सफीदों गेट से भगवान परशुराम चौक तक सीसी सड़क बनाई जाएगी तथा स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था भी की जाएगी, जबकि आगे के हिस्से में ब्लैक टॉप सड़क का निर्माण किया जाएगा। हालांकि, शिलान्यास के बावजूद फिलहाल जमीनी स्तर पर काम शुरू होता नजर नहीं आ रहा है। सड़क किनारे पेड़ों की कटाई की प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं हुई है और न ही वाहन चालकों की परेशानी कम करने के लिए गड्ढों को भरा गया है। ऐसे में लोगों को अभी भी खस्ताहाल सड़क और धूल-मिट्टी से जूझना पड़ रहा है। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान जिन पेड़ों की कटाई होगी, उसके बदले दोगुने पेड़ लगाए जाएंगे, ताकि पर्यावरण संतुलन बना रहे। इसके लिए वैकल्पिक भूमि की व्यवस्था भी की जा चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में निरंतर विकास की राह पर अग्रसर है और सरकार विकास कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जींद जिले को नौ नेशनल हाईवे से जोड़ा जा चुका है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। डॉ. मिड्डा ने शहर के अन्य विकास कार्यों का भी उल्लेख करते हुए बताया कि देवीलाल चौक से रोहतक रोड बाईपास तक सड़क को फोरलेन किया जाएगा। इसके अलावा चौधरी देवीलाल चौक, ठंडी हलवाई, एक रुपया चौक और रानी तालाब क्षेत्र में जलभराव की समस्या को देखते हुए सड़कों का वॉल-टू-वॉल विकास किया जाएगा। इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता राजकुमार नैन, नगर पार्षद राममेहर, बलवंत सिंह, अशोक गुलाटी, राकेश सेतिया, सिन्हा पिंडारा, राकेश सैन मौजूद रहे।