नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर प्रदेशव्यापी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार को 34वें दिन भी जारी रही। अब सफाई कर्मचारियों पर बर्खास्तगी की तलवार लटक गई है। नगर परिषद बहादुरगढ़ में हड़ताल पर बैठे कच्चे पे-रोल सफाई कर्मचारियों को अब ठेके पर लगे सफाई कर्मचारियों ने भी समर्थन दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए। कर्मचारियों ने सरकार से 13 मई 2026 को सफाई कर्मचारी एवं अग्निशमन विभाग के साथ हुए समझौते को लागू करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को लागू करने तथा एचकेआरएन को भंग करने की मांग उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि 17 मांगों पर सहमति बनने के बावजूद सरकार की ओर से मांगों का पत्र जारी नहीं किया गया और संगठन को बातचीत के लिए भी नहीं बुलाया जा रहा। बहादुरगढ़ इकाई के प्रधान राजेश बालगुहेर की अध्यक्षता और सचिव अमित के मंच संचालन में कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ रोष जताया। जिला प्रधान राजेंद्र तूषामड़, कैशियर मुकेश बालगुहेर, वरिष्ठ उपप्रधान लीला राम, अजय, ऊषा देवी, होशियार सिंह, सुनील, सरोज सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। ठेका सफाई कर्मचारियों सहित सैकड़ों कर्मचारियों ने हड़ताल को समर्थन देते हुए मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।