हांसी में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच प्रशासन की ओर से बड़ा बयान सामने आया है। हांसी के एडीसी लक्षित सरीन ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि सरकार ने सफाई कर्मचारियों की मांगों को मान लिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्मचारी शाम तक अपना धरना समाप्त कर काम पर लौट सकते हैं। एडीसी ने कहा कि कर्मचारियों की ओर से रखी गई मांगों को लेकर सरकार के स्तर पर सकारात्मक बातचीत हुई है और उनकी बातों को माना गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि इसके बाद सफाई कर्मचारी आंदोलन समाप्त कर दोबारा शहर की सफाई व्यवस्था संभालेंगे। वहीं, कई दिनों से जारी हड़ताल के कारण हांसी की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। शहर के मुख्य बाजारों, सड़कों और रिहायशी इलाकों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। कचरा उठान नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्गंध के कारण भी हालात खराब हैं। अब एडीसी के दावे के बाद लोगों की नजर इस बात पर है कि सफाई कर्मचारी वास्तव में धरना समाप्त कर कब से काम पर लौटते हैं। यदि कर्मचारी आंदोलन खत्म करते हैं तो आने वाले दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था के पटरी पर लौटने की उम्मीद है।