शिव नंदी गौशाला में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर कान्हा के जन्मोत्सव का आनंद लिया। गौशाला संयोजक धर्मपाल सैनी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत शाम साढ़े छह बजे मटकी फोड़ प्रतियोगिता से हुई। हर्बल फिटनेस क्लब के युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर मटकी फोड़ी और 2100 रुपये का इनाम जीता। युवाओं ने यह राशि गौमाता को दान कर दी। समारोह में झूला उत्सव, यशोदा माता द्वारा माखन निकालने की झांकी और कान्हा के गौ-प्रेम को दर्शाती प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। यमुनानगर से आए कलाकारों ने राधा-कृष्ण नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। श्रद्धालुओं के लिए खीर के प्रसाद की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर हरे चारे, गुड़, दलिया और आटे से बने 101 गौ मिष्ठान केक काटे गए। रात्रि 12 बजे माखन-मिश्री व दूध से बना विशेष केक काटकर श्रीकृष्ण जन्म मनाया गया। कार्यक्रम ने भक्ति, संस्कृति और गौसेवा का संदेश दिया।