फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंत्री विज के आदेश पर गांव समैन में लगा बिजली पोल, साल भर से अटका था ढाणी का कनेक्शन

टोहाना। गांव समैन में पिछले एक साल से अटका पड़ा बिजली कनेक्शन का विवाद आखिरकार कैबिनेट मंत्री अनिल विज के हस्तक्षेप के बाद सुलझ गया। बिजली निगम की टीम ने भारी पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खेत में दो पोल गाड़कर लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया है। मामला गांव समैन निवासी फाग सिंह की ढाणी का है। फाग सिंह का घर गांव से बाहर ढाणी में है। उसने करीब एक साल पहले ढाणी के लिए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था, लेकिन विभागीय कार्रवाई नहीं हुई। निगम ने जब 150 मीटर की दूरी पर लाइन ले जाने के लिए सर्वे किया तो गांव के ही सतीश ने एतराज जता दिया। सतीश का कहना था कि लाइन उसके मकान के ऊपर से गुजर रही है, जिससे उसके पशुओं को करंट का खतरा हो सकता है। इसी एतराज के चलते पोल नहीं लग पा रहे थे। परेशान होकर फाग सिंह वीरवार को अंबाला में ऊर्जा मंत्री अनिल विज के जनता दरबार में पहुंचा और आपबीती सुनाई। मंत्री विज ने मामले का संज्ञान लेते हुए एसई फतेहाबाद संजीव शंकर राय को एक सप्ताह में कनेक्शन लगाने के आदेश दिए। मंत्री के आदेश के बाद हरकत में आए बिजली निगम ने शनिवार को टीम भेजी। कार्यकारी अभियंता कृष्ण कुमार के निर्देश पर एसडीओ संजय सिंगला और जेई सतपाल के नेतृत्व में टीम गांव पहुंची। सुरक्षा के लिहाज से पशु अस्पताल से चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। थाना शहर और सदर पुलिस की टीमें भी मौके पर तैनात रहीं। मौके पर कुछ देर तक कहासुनी भी हुई, लेकिन पुलिस व अधिकारियों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। शिकायतकर्ता सतीश ने कहा कि मकान बीच में आने से उसने विरोध किया था। अब बातचीत के बाद समझौता हो गया है। खेत में ट्रांसफार्मर व पोल लगाने पर उसे कोई एतराज नहीं है। एसडीओ संजय सिंगला ने बताया कि मंत्री अनिल विज जी के आदेशानुसार काम चल रहा है। दोनों पार्टियों में समझौता हो गया है। यह ढाणी का कनेक्शन है और आज शाम तक कनेक्शन दे दिया जाएगा। ड्यूटी मजिस्ट्रेट डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच विवाद के कारण खंभा नहीं गड़ पा रहा था। गांव वालों, पुलिस व दोनों परिवारों को साथ बैठाकर समझौता करवा दिया गया है। दो पोल गाड़ दिए गए हैं, शाम तक लाइट चालू हो जाएगी। कोई विवाद नहीं रहा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें