टोहाना। प्रेम नगर की जेके साबुन वाली गली में तेज रफ्तार व लापरवाही से बाइक चलाने से एक 4 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित के पिता अशोक शर्मा ने थाना शहर टोहाना में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार शाम करीब 4 बजे अशोक शर्मा की पत्नी मोनिका अपनी 4 वर्षीय बेटी श्रेजल के साथ स्कूटी पर ट्यूशन के लिए जा रही थी। सामने गली से काले रंग की मोटरसाइकिल नंबर एचआर23एम-9700 पर सवार एक व्यक्ति तेज रफ्तार व लापरवाही से आया और स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बच्ची नीचे गिर गई। उसके मुंह पर गंभीर चोट लगी, ऊपर का होंठ फट गया और मुंह से खून निकलने लगा। बच्ची को गुम चोटें भी आईं। उसकी मां के टांग और माथे पर भी चोट लगी तथा स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि जब मोनिका ने लापरवाही पर एतराज किया तो बाइक सवार व्यक्ति और उसके साथ बैठी महिला ने गाली-गलौज व बदतमीजी की और मौके से फरार हो गए। बाद में गली वालों की मदद से बच्ची को नागरिक अस्पताल टोहाना में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।