नूंह में शुक्रवार देर शाम पुराने बाजार में स्थित एक दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुकान पवन नामक दुकानदार की बताई जा रही है, जहां जूते-चप्पल, शादी-विवाह का सामान तथा पटाखों की बिक्री की जाती थी। आग लगने के कारणों का अभी तक पूरी तरह पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक अंदेशा शॉर्ट सर्किट या पटाखों में चिंगारी लगने का जताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में रखे जूते-चप्पल, सजावटी सामान, शादी-विवाह के उपयोग की वस्तुएं और पटाखे जलकर पूरी तरह राख हो गए। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के दुकानदारों और लोगों में दहशत फैल गई। घटना के समय बाजार में काफी भीड़ थी। आग लगते ही लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। दुकानदारों ने तुरंत अपनी-अपनी दुकानों को बंद करना शुरू कर दिया और आसपास के लोगों ने आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू पाना आसान नहीं था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने एहतियात के तौर पर लोगों को दुकान के आसपास से दूर किया और भीड़ को नियंत्रित किया। इसके कुछ समय बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।