टनकपुर (चंपावत)। ग्राम पंचायत मोहनपुर के ग्रामीण पीएनजी गैस स्टोरेज प्लांट को रिहायशी क्षेत्र से हटाने की मांग को लेकर मुखर हो गए हैं। ग्राम प्रधान राधिका चंद के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कार्य स्थल पर प्रदर्शन किया। डीएम के निर्देश पर तहसीलदार ने बुधवार तक प्लांट का निर्माण कार्य रोकने के आदेश दिए हैं।
सोमवार को मोहनपुर आमबाग के ग्रामीण निर्माणाधीन पीएनजी गैस प्लांट क्षेत्र में एकत्रित हुए। उन्होंने प्रदर्शन कर प्लांट को तत्काल अन्यत्र लगाने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान चंद के नेतृत्व में दायित्वधारी हेमा जोशी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि घनी आबादी के बीच प्लांट स्थापित होने से जान-माल का खतरा है।
हेमा जोशी ने तत्काल डीएम मनीष कुमार से दूरभाष पर बात की। इसके बाद डीएम ने तहसीलदार पिंकी आर्या को प्रदर्शन स्थल पर भेजा। तहसीलदार ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए। यहां भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुकेश जोशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, बीडीसी सदस्य निर्मला जोशी, ग्राम प्रधान ज्ञानखेड़ा कविता पचौली, सभासद शैलेश सिंह आदि माैजूद थे।