बीएचयू में डेढ़ हजार नेट-जेआरएफ छात्र-छात्राएं पीएचडी में प्रवेश लेंगे। दो महीने तक प्रवेश प्रक्रिया चलेगी। चयनित अभ्यर्थियों को 16 दिसंबर को संबंधित विभाग, केंद्र या स्कूल में रिपोर्ट करना होगा।
बीएचयू में इस साल डेढ़ हजार नेट-जेआरएफ उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को पीएचडी में प्रवेश दिया जाएगा। 21 अक्तूबर तक आवेदन करने का मौका है। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया मंगलवार देर रात शुरू कर दी गई है। अब दो महीने में दाखिले की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को 16 दिसंबर को संबंधित विभाग, केंद्र या स्कूल में रिपोर्ट करना होगा। बीएचयू ऑनलाइन पोर्टल पर पर रजिस्ट्रेशन और फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
विज्ञापन
इस बार आवेदन के लिए फॉर्म भरने के लिए सिर्फ 15 ही दिन का समय मिलेगा। 21 अक्तूबर ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि है। 22 और 23 अक्तूबर को करेक्शन विंडो खुलेगी। कॉल लेटर 29 अक्तूबर से लेकर 31 अक्तूबर को डाउनलोड किया जा सकेगा। 12 से 19 नवंबर तक इंटरव्यू और फिजिकल वेरिफिकेशन की प्रक्रिया चलेगी और 25 नवंबर से 15 दिसंबर तक रिजल्ट जारी किए जाएंगे।
Trending Videos
कला सहित सभी 16 संकायों में होगा प्रवेश
बीएचयू की पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया इस बार कृषि विज्ञान, कला, आयुर्वेद, वाणिज्य, दंत चिकित्सा, शिक्षा, पर्यावरण एवं सतत विकास, विधि, प्रबंधन अध्ययन, चिकित्सा, परफॉर्मिंग आर्ट्स, संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान और दृश्य कला समेत 16 संकायों के लिए होगी।
1 सीट पर 15 अभ्यर्थियों का होगा साक्षात्कार
जेआरएफ वालों को साक्षात्कार के स्कोर को 100 फीसदी वेटेज, नेट में 70 फीसदी परीक्षा का परसेंटाइल और 30 फीसदी साक्षात्कार को वेटेज मिलेगा। एक सीट पर ज्यादा से ज्यादा 15 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए कॉल लेटर जारी जाएगा। पीजी में न्यूनतम 55 फीसदी अंक (एमबीए में 60%) अनिवार्य है। हर विभाग और संकाय की ओर से 30 अंकों का साक्षात्कार लिया जाएगा।
जेआरएफ, नेट और सीधा प्रवेश भी होगा
पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया को लेकर बीएचयू 15 दिन पहले ही डिटेल इंफॉर्मेशन बुलेटिन जारी कर चुका है। अब परीक्षा नियंता कार्यालय की ओर से अभ्यर्थियों को आवेदन और आगे की प्रक्रिया के लिए बीएचयू की प्रवेश वेबसाइट पर नियमित रूप से जानकारी देखते रहने की सलाह दी गई है। इस बार भी पीएचडी में तीन मोड से बीएचयू में प्रवेश मिलेगा। इसमें जेआरएफ (जूनियर रिसर्च फेलोशिप) और नेट के साथ ही सीधे प्रवेश की भी सुविधा है। जेआरएफ मोड के तहत यूजीसी, सीएसआईआर, आईसीएमआर, डीबीटी या किसी अन्य राष्ट्रीय एजेंसी से जेआरएफ प्राप्त उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। फेलोशिप की वैधता ऑनलाइन आवेदन जमा करने की तिथि तक समाप्त नहीं होनी चाहिए।
प्रति सेमेस्टर 2 हजार फीस
फुलटाइम पीएचडी छात्रों के लिए एक बार में रजिस्ट्रेशन फीस 2500 रुपये देने होंगे। इसके अलावा प्रति सेमेस्टर दो हजार रुपये फीस होगी जिसमें एकेडमिक और डेवलपमेंट फीस 1000-1000 रुपये तक है। एक्सटर्नल छात्रों को 10 हजार रुपये रजिस्ट्रेशन और छह साल कोर्स के लिए सेमेस्टर फीस चार हजार और रजिस्ट्रेशन 5000 रुपये तय की गई है।