आजमगढ़ के शहर कोतवाली क्षेत्र के सीताराम मोहल्ले में सोमवार सुबह 32 वर्षीय सर्राफा कारोबारी रवि वर्मा का शव घर के कमरे में मिला। परिजनों ने आत्महत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
रवि वर्मा चार भाइयों में सबसे छोटे थे। वह सेहदा में सर्राफा की दुकान चलाते थे। परिजनों के मुताबिक रवि को किसी तरह की आर्थिक या पारिवारिक परेशानी नहीं थी। चारों भाई अलग-अलग रहते थे और रवि भी अपने परिवार के साथ अलग रह रहे थे। ऐसे में उनकी मौत की खबर से परिजन हैरान हैं।
रवि के भाई आनंद वर्मा ने बताया कि शनिवार को रवि अपनी पत्नी और बच्चे के साथ अतरौलिया थाना क्षेत्र के मदियापार स्थित ससुराल गए थे। रविवार को वह पत्नी और बच्चे को ससुराल में छोड़कर अकेले अपने घर लौट आए थे। परिजनों के अनुसार उस समय उनका व्यवहार सामान्य था और किसी तरह की परेशानी नजर नहीं आई।