मोहान का खस्ताहाल देवीखेड़ा-कोटरा मार्ग। स्रोत: ग्रामीण
उन्नाव। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने शासन के आदेश पर जनपद की 300 ऐसी सड़कों का सर्वे कराकर प्रस्ताव तैयार किया है जो लंबे समय से खस्ताहाल हैं। इन सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए 20 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर शासन को मंजूरी के लिए भेजा है। बजट मिलते ही विशेष मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा।
जनपद में कई ऐसे संपर्क मार्ग हैं जो लंबे समय से क्षतिग्रस्त हैं। ये संपर्क मार्ग तहसीलों और ब्लाॅक मुख्यालयों को जोड़ते हैं। पिछले दिनों शासन के आदेश पर पीडब्ल्यूडी ने विधानसभावार सर्वे कराकर ऐसी सड़कों का चयन किया था जो काफी ज्यादा खराब हैं। पैचिंग से सड़कों का काम नहीं हो पाता। इसके चलते ऐसी सड़कों को विशेष मरम्मत के लिए चयनित किया गया। प्रत्येक विधानसभा से करीब 50 खराब सड़कों का चयन किया गया।
जनपद में छह विधानसभा क्षेत्र सदर, पुरवा, बांगरमऊ, सफीपुर, बीघापुर और मोहान हैं। सभी विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर 300 सड़कों का चयन किया गया है। इनकी मरम्मत के लिए करीब 20 करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है।
इंसेट-1
तीन लाख की आबादी को मिलेगा फायदा
विशेष मरम्मत में चयनित इन मार्गों की हालत खराब है। सभी मार्ग बहुत ज्यादा गड्ढों में समाए हैं। इस कारण इनको गड्ढामुक्त अभियान में शामिल नहीं किया गया था। विशेष मरम्मत में इन मार्गों पर डामर की पूरी नई परत ही बिछाई जाएगी। मार्ग सही हो जाने से करीब तीन लाख की आबादी को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। लोगों को इन रास्तों से आने जाने में हिचकोले नहीं खाने पड़ेंगे।
वर्जन...
विशेष मरम्मत वाले 300 मार्गों का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। इसमें विधानसभावार खराब सड़कों का चयन किया गया है। उम्मीद है कि इसी माह के अंतिम सप्ताह तक बजट मिल जाएगा। बजट मिलते ही विशेष मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा। -हरदयाल अहिरवार, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी।
मोहान का खस्ताहाल देवीखेड़ा-कोटरा मार्ग। स्रोत: ग्रामीण