यूपी के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर धनपतगंज क्षेत्र के सुखबड़ेरी गांव के पास बुधवार सुबह तेज रफ्तार कार आगे चल रहे अज्ञात वाहन में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन टेनिस बॉल क्रिकेटर की दुर्घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कुमारगंज पिठला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर, अयोध्या रेफर कर दिया गया। वहां पर इलाज के दौरान एक और खिलाड़ी की मौत हो गई।
यूपीडा कर्मियों के मुताबिक हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। कार लखनऊ से देवरिया जा रही थी। सुखबड़ेरी गांव के पास तेज रफ्तार कार आगे जा रहे अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के अगले हिस्से के परखचे उड़ गए। दुर्घटना में कार पर सवार मईल, बगहा निवासी टेनिस बॉल क्रिकेट खिलाड़ी नित्या प्रजापति (25), मईल- बलिया दक्षिण निवासी इरफान (20) और चुरिया, नदोली, लार निवासी अनिकेत सिंह (25) ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घायल मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर, अयोध्या रेफर
वहीं, कार पर सवार देवरिया के कोहरा, लार निवासी आनंद यादव (25), भाटपार, खामपार निवासी राजीव यादव (22) व पश्चिम बंगाल के भोलपुर, वीरभूमि निवासी जयंतो शर्मा (24) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कुमारगंज स्थित पिठला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर, अयोध्या रेफर कर दिया गया। वहां पर इलाज के दौरान आनंद यादव की भी मौत हो गई।
सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि दुर्घटना स्थल से मृतकों के शव को कूरेभार सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
दो दिन से सही से सोए नहीं थे खिलाड़ी
घायल जयंतो शर्मा ने बताया कि वे पांच अक्तूबर की रात करीब 11 बजे बिहार से समस्तीपुर से लखनऊ के लिए रवाना हुए थे, लखनऊ पहुंचने के बाद खिलाड़ियों ने दो टूर्नामेंट खेले। छह अक्तूबर की शाम करीब 7:30 बजे वे कार से लखनऊ से देवरिया के लिए निकल पड़े थे।
लगातार सफर और खेल के कारण सभी करीब दो दिन से ठीक से सो नहीं पाए थे, उन्होंने रास्ते में ढाबे पर रुकने के बाद कुछ देर आराम किया था, घटना के समय सभी सो रहे थे। अनुमान है कि वाहन चलाने वाले को झपकी आई और यह दुर्घटना हो गई।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हो रही दुर्घटनाओं की होगी जांच
डीएम इंद्रजीत सिंह ने बताया कि रविवार को भी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में चार लोगों की मौत हुई थी। लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए यूपीडा के साथ समन्वय स्थापित कर दुर्घटनाओं के कारणों की जांच कराई जाएगी।