तुलसीपुर। सोनवा क्षेत्र के लक्ष्मणनगर में पुलिस और सामाजिक संस्थाओं के दल ने नृत्य पार्टियों के आवास पर छापा मारा। इस दौरान दो युवकों को महाराष्ट्र की दो नाबालिग किशोरियों के साथ किराए के कमरे में पाया गया। ये युवक नृत्य पार्टियां चलाते थे और नाबालिगों से नृत्य करवाते थे। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया और किशोरियों को बाल कल्याण समिति को सौंप दिया। थाना प्रभारी बिशुनदेव पांडेय को नाबालिगों से नृत्य करवाने की गुप्त सूचना मिली थी। शुक्रवार को दल ने नृत्य पार्टियों का निरीक्षण किया। एक मकान में दो नाबालिग लड़कियों के साथ दो युवक मिले। जांच में किशोरियों के आधार कार्ड में महाराष्ट्र का पता लिखा मिला। युवकों की पहचान मल्हीपुर थाना क्षेत्र के कानीबोझी निवासी असलम व बलरामपुर जिले के तुलसीपुर थाना क्षेत्र के देवीपाटन निवासी मारूफ के रूप में हुई। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर किशोरियों को बाल कल्याण समिति को भेज दिया। बाल कल्याण समिति के निर्णय के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।