एससी सूची में शामिल करने की मांग को कलेक्ट्रेट में धरना देकर प्रदर्शन करते कश्यप एकता क्रांति म
मुजफ्फरनगर। कश्यप एकता क्रांति मिशन संगठन एवं महर्षि कश्यप एकता संगठन के संयुक्त मोर्चा के नेतृत्व में शनिवार को बारिश के दौरान कश्यप समाज के लोगों ने डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने कश्यप समाज की 16 अति पिछड़ी जातियों को अनुसूचित जाति की सूची में शामिल अथवा परिभाषित करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। उपजिलाधिकारी राहुल देव भट्ट को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया गया।
प्रदर्शन में वक्ताओं ने कहा कि कश्यप, कहार, केवट, मल्लाह, निषाद, धीवर सहित 16 जातियों को अनुसूचित जाति की सूची में शामिल कराने के लिए समाज लंबे समय से संघर्ष कर रहा है। आरोप लगाया कि विभिन्न सरकारों ने समाज से समर्थन और वोट लेने के बाद उसके अधिकारों की अनदेखी की।
पिछले करीब छह माह में समाज के 30 लोगों की हत्या हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मामलों में पीड़ितों के साथ पुलिस और प्रशासन द्वारा राजनीतिक अथवा व्यक्तिगत दबाव में दुर्व्यवहार किया जाता है। वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने ओबीसी की 16 अतिपिछड़ी जातियों को अनुसूचित जाति की सूची में शामिल करने की बात कही थी, लेकिन अभी तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।
चेतावनी दी कि जल्द ही कश्यप समाज सहित 16 अतिपिछड़ी जातियों को एससी सूची में शामिल अथवा परिभाषित नहीं किया गया तो समाज के संगठन एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव में सरकार के खिलाफ राजनीतिक विरोध करेंगे।
धरने में प्रदेश अध्यक्ष कश्यप एकता क्रांति मिशन संगठन अंकित कश्यप, प्रदेश अध्यक्ष आदेश कश्यप, संस्थापक अजय कश्यप, राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कश्यप, राष्ट्रीय अध्यक्ष महर्षि कश्यप एकता संगठन मास्टर सुशील कश्यप, जिला अध्यक्ष मोहित कश्यप व अन्य शामिल रहे।