विधायक उमेश शर्मा का फार्म हाउस। यहां युवती से दरिंदगी हुई थी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अमरोहा जिले के हसनपुर के झूलपुरी स्थित उत्तराखंड के खानपुर विधायक उमेश शर्मा के फार्म हाउस में हरियाणा की युवती से सामूहिक दुष्कर्म में जांच अब मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और सीसीटीवी फुटेज तक पहुंच गई है। घटना से पहले युवती कहां-कहां गई और फार्म हाउस तक कैसे पहुंची, इसकी कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस टीम मेरठ और सोनीपत पहुंची है।
सोनीपत से गढ़मुक्तेश्वर तक रास्ते में पड़ने वाले टोल प्लाजा और अन्य स्थानों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। एसएसआई नरेश पाल राणा, दरोगा संजय तोमर, सिपाही प्रमोद और सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम यादव व हेड कांस्टेबल मोहित की सीडीआर भी जांच के लिए निकलवाई गई है। एसएसआई पर फार्म हाउस में कमरा दिलाने का आरोप है।
हसनपुर में युवती के साथ दरिंदगी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अब जांच का सबसे अहम हिस्सा डिजिटल साक्ष्य बन गया है। पुलिस युवती और आरोपियों के मोबाइल की लोकेशन, आपसी बातचीत और घटनाक्रम के दौरान उनकी मौजूदगी की कड़ियां जोड़ रही है। इसके साथ ही रास्ते में लगे कैमरों की फुटेज से भी घटनाक्रम की पुष्टि करने का प्रयास किया जा रहा है। फार्म हाउस के केयरटेकर और चौकीदार के बयान भी जांच में अहम हिस्सा बनेंगे।
दुष्कर्म केस के आरोपी दरोगा संजय तोमर
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मामले में डिजिटल और भौतिक साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। मजबूत साक्ष्यों के साथ न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा। 22 सितंबर की रात झूलपुरी के फार्म हाउस में युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। मामले में हसनपुर पुलिस ने हसनपुर कोतवाली में तैनात दरोगा संजय तोमर, सिपाही प्रमोद, सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर लालाराम और हेड कांस्टेबल मोहित को गिरफ्तार किया था। चारों फिलहाल बिजनौर जेल में बंद हैं।
थाने में हसनपुर दुष्कर्म केस के आरोपी
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
फार्म हाउस केयरटेकर के शिकायतीपत्र पर जांच शुरू
उत्तराखंड के खानपुर विधायक उमेश शर्मा के फार्म हाउस पर हरियाणा की युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद फार्म हाउस के केयर टेकर की ओर से दिए गए शिकायती पत्र की जांच शुरू कर दी गई है। एसपी लखन सिंह यादव का कहना है कि केयर टेकर के शिकायती पत्र के आधार पर जांच की जा रही है।
अमरोहा एसपी लखन यादव
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
केयरटेकर रामनिवास ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया था कि 22 सितंबर को उसके पास रजबपुर थाने के एसएसआई नरेशपाल राणा का फोन आया था। उन्होंने कहा था कि गृह मंत्रालय की एक जांच टीम अमरोहा आ रही है और कुछ समय के लिए फार्म हाउस में रुकेगी। इसके लिए कमरे खोलने को कहा गया था। शिकायत में राणा द्वारा फार्म हाउस की लोकेशन मांगने की बात भी कही गई थी।
दुष्कर्म केस के आरोपी हेड कांस्टेबल मोहित
- फोटो : Hasanpur Case
फार्म हाउसों की जवाबदेही का मुद्दा किसान युवा संसद में उठा
हसनपुर क्षेत्र में विधायक के फार्म हाउस में हरियाणा की युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद फार्म हाउसों की जवाबदेही और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी का मुद्दा किसान युवा संसद में भी उठा। रविवार को भारतीय किसान यूनियन (संयुक्त मोर्चा) के बैनर तले आयोजित किसान युवा संसद में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने राष्ट्रीय महिला आयोग के मामले का संज्ञान लेने और जिला प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
दुष्कर्म केस के आरोपी सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम यादव
- फोटो : संवाद
कहा कि घटना में संबंधित फार्म हाउस के मालिक की जिम्मेदारी तय हो और संदिग्ध गतिविधियों वाले फार्म हाउसों की जांच कराई जाए। महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक संस्थाओं की जवाबदेही को केवल घटना के बाद की कार्रवाई तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए। फार्म हाउसों समेत ऐसे स्थानों पर होने वाली गतिविधियों की निगरानी और जिम्मेदारी तय करने की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
दुष्कर्म केस के आरोपी सिपाही प्रमोद
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
किसान युवा संसद में रोजगार भी, जवाबदेही भी, मजबूत लोकतंत्र भी और युवा जागेगा, गांव आगे बढ़ेगा के संकल्प के साथ ग्रामीण युवाओं को रोजगार और सामाजिक भागीदारी से जोड़ने की रूपरेखा रखी गई। कार्यक्रम में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और कृषि से जुड़े विकास कार्यों की क्षेत्रीय रिपोर्ट तैयार करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
हसनपुर दुष्कर्म केस के आरोपी
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि एक हजार युवाओं की टीम गांव-गांव चौपाल लगाकर स्थानीय समस्याओं और सार्वजनिक संस्थानों के कामकाज का जमीनी स्तर पर रिकॉर्ड तैयार करेगी। इस दौरान नरेंद्र चौहान को प्रदेश प्रभारी का प्रमाणपत्र देकर मनोनीत किया गया। साथ ही 25 युवाओं की नगर कार्यकारिणी गठित की गई। कार्यक्रम में राष्ट्रीय मुख्य सचिव अरुण सिद्धू, जसवंत सिंह, चंद्रपाल सिंह, आजम चौधरी, अजय पाल सिंह जाटव मौजूद रहे।