सीसीएसयू ने जारी किया परीक्षा कार्यक्रम, विषम सेमेस्टर परीक्षा फॉर्म 13 तक भरे जाएंगे
विलंब शुल्क के साथ 17 तक मौका
दोपहर दो से शाम पांच बजे तक होंगी स्पेशल बैक परीक्षाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) ने स्पेशल बैक, ओडीएल और ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। स्पेशल बैक परीक्षाएं 12 अक्तूबर से 15 अक्तूबर तक होंगी। ओडीएल और ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 15 से 26 अक्तूबर तक आयोजित की जाएंगी। दिसंबर-2026 की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 13 अक्तूबर कर दी गई है।
विद्यार्थियों की मांग पर कराए गए स्पेशल बैक परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया के बाद विश्वविद्यालय ने परीक्षा कार्यक्रम जारी किया है। एनईपी-2020 के तहत सत्र 2025-26 के बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीसीए और एलएलबी के पांचवें व छठे सेमेस्टर तथा बीए-एलएलबी और बीकॉम-एलएलबी के नौवें व 10वें सेमेस्टर की विशेष परीक्षाएं होंगी। सभी परीक्षाएं दूसरी पाली में दोपहर दो से शाम पांच बजे तक आयोजित होंगी। विश्वविद्यालय ने परीक्षा केंद्रों की सूची भी पोर्टल पर अपलोड कर दी है। विद्यार्थियों को निर्धारित केंद्र पर ही परीक्षा देनी होगी।
ओडीएल-ऑनलाइन में प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा
ओडीएल यानी दूरस्थ शिक्षा और ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 15 अक्तूबर से 26 अक्तूबर तक चलेंगी। इनमें प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थी शामिल होंगे। ऑनलाइन पाठ्यक्रमों में बीबीए, एमबीए, एमसीए और एमबीए-एचए की परीक्षाएं एमसीक्यू प्रारूप में होंगी और विद्यार्थियों को दो घंटे का समय मिलेगा। ओडीएल में बीबीए-1007 और बीबीए-2006 की परीक्षा भी एमसीक्यू प्रारूप में दो घंटे की होगी। अन्य सभी पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं के लिए तीन घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
विषम सेमेस्टर के फॉर्म 13 तक
सीसीएसयू ने दिसंबर-2026 की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 13 अक्तूबर तक बढ़ा दी है। इसमें समर्थ पोर्टल वाले पाठ्यक्रम शामिल नहीं हैं। 250 रुपये विलंब शुल्क के साथ 15 अक्तूबर और 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ 17 अक्तूबर तक फॉर्म भरे जा सकेंगे। कॉलेजों को परीक्षा फॉर्म का ऑनलाइन सत्यापन 19 अक्तूबर तक करना होगा। इसके बाद 21 अक्तूबर तक नॉमिनल रोल सहित परीक्षा फॉर्म विश्वविद्यालय में जमा कराने होंगे।