बच्चों ने की थी ये अपील
वायरल वीडियो में बच्चे बताते नजर आए कि गांव की गलियों में बिजली के खंभे तो हैं, लेकिन स्ट्रीट लाइट नहीं लगी हैं। शाम होते ही गलियों में अंधेरा छा जाता है। अंधेरे में बच्चों को सांप-बिच्छू और जहरीले कीड़े-मकौड़ों का डर सताता है। रात में ग्रामीणों को आवागमन में भी परेशानी होती है।
तत्काल दिए थे कार्रवाई के निर्देश
वीडियो सामने आने के बाद जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड विकास अधिकारी किशनी अनिल कुमार सिंह को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार रात ही एडीओ पंचायत मनोज प्रभाकर गांव बसैत पहुंचे और बच्चों की मांग के अनुरूप स्ट्रीट लाइट की उचित व्यवस्था कराई।
गांव की गलियां हुईं रोशन
गांव की गलियों में रोशनी होने के बाद बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इसके बाद समाधान दिवस के दौरान बच्चे जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे और उन्हें भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा की तस्वीर भेंट की। बच्चों की इस आत्मीयता से जिलाधिकारी भी खुश नजर आए। उन्होंने बच्चों को टॉफी खिलाई और उनसे पहाड़े भी पूछे। बच्चों ने संतोषजनक जवाब दिए तो जिलाधिकारी ने उनकी पीठ थपथपाकर शाबाशी दी।
प्रयास लाई रंग
मासूम बच्चों की छोटी-सी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई होने से ग्रामीणों में भी खुशी है। बच्चों की पहल ने गांव में बुनियादी सुविधाओं की जरूरत को सामने लाने के साथ यह भी दिखाया कि प्रशासन तक अपनी बात पहुंचाने का उनका प्रयास रंग लाया।