गोला गोकर्णनाथ। हैदराबाद थाना क्षेत्र के तहत नेशनल हाईवे 730 पर निपनिया गांव के निकट बीती रविवार रात करीब दो बजे मिनी ट्रक ट्रैक्टर-ट्राॅली से जा टकराया। सड़क हादसे में मिनी ट्रक चालक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
नेशनल हाईवे पर निपनिया गांव के निकट ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राॅली पहिया पंक्चर होने की वजह से शनिवार अपराह्न से खड़ी थी। कोई संकेतक व रिफ्लेक्ट ट्राॅली के आगे-पीछे नहीं लगे थे।
रविवार रात्रि करीब दो बजे गोला की ओर से आ रहा सब्जी लदे मिनी ट्रक ने ट्राॅली में पीछे से टक्कर मार दी, हादसे में मिनी ट्रक चालक सलमान (32) पुत्र इब्राहिम निवासी श्यामपुर थाना डिडौली जनपद अमरोहा घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची ढकवा चौकी व गोला पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद डीसीएम चालक को बाहर निकाला, जिसे 108 एंबुलेंस से गोला सीएचसी भिजवाया। जहां हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल ओयल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान चालक सलमान की मौत हो गई। सीओ जितेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि हादसे में चालक की मौत हो गई है। ट्रैक्टर-ट्रॉली का मालिक कौन है, जानकारी की जा रही है। घटना में विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद