मगरमच्छ के हमले से घायल किसान सूरज।संवाद
निघासन। सिंगाही थाना क्षेत्र के लुधौरी रेंज के करदहिया गांव में रविवार को झील में चारा लेने गए किसान पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। किसान घायल हो गया। शोर मचाते हुए वह किसी तरह पानी से बाहर निकला और जान बचाई।
करदहिया निवासी सूरज प्रसाद (50) पुत्र मंगू गांव के पश्चिम स्थित झील को पार कर चारा लेने जा रहे थे। ग्रामीणों के मुताबिक, जैसे ही वह पानी में पहुंचे, वहां पहले से मौजूद मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वह घबरा गए और शोर मचाने लगे। किसी तरह पानी से बाहर निकलकर उन्होंने जान बचाई।
जानकारी मिलने पर परिजन घायल किसान को निघासन सीएचसी ले गए। वहां उनका उपचार कराया गया। सूचना पर लुधौरी रेंज की वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। रेंजर मोबीन आरिफ ने बताया कि मगरमच्छ के हमले की सूचना पर टीम ने निरीक्षण किया है। ग्रामीणों को झील के आसपास सावधानी बरतने और पानी में न जाने की हिदायत दी गई है। मगरमच्छ की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है।