पडरौना। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा रविवार को जिले के पांच केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के लिए कुल 2309 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 2057 शामिल हुए, जबकि 252 अनुपस्थित रहे। इस तरह परीक्षा में करीब 89 फीसदी उपस्थिति दर्ज की गई। उदित नारायण इंटर कॉलेज में सबसे अधिक अभ्यर्थी पंजीकृत थे।
परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित की गई। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा का समय दोपहर दो बजे तक निर्धारित था। पडरौना और आसपास के क्षेत्रों में परीक्षा के लिए पांच केंद्र बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर निर्धारित समय से परीक्षा शुरू हुई। सुबह से ही परीक्षार्थी केंद्र पर जुटने लगे थे।
सभी परीक्षार्थियों को जांच के बाद क्रम से प्रवेश दिलाया गया और परीक्षा के लिए जरूरी एतिहात बताकर परीक्षा शुरू कराई गई है। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर मौजूद शिक्षकों ने निगरानी व्यवस्था सख्त रखी। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि उदित नारायण इंटर कॉलेज पडरौना में सबसे अधिक 648 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 568 उपस्थित और 80 अनुपस्थित रहे। किसान इंटर कॉलेज साखोपार में 600 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 503 ने परीक्षा दी, जबकि 97 अनुपस्थित रहे। स्योबाई कमला देवी टिबड़ेवाल कन्या इंटर कॉलेज पडरौना में 408 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 371 उपस्थित और 37 अनुपस्थित रहे। श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज सेमरा कठकुइयां में 360 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 333 ने परीक्षा दी, जबकि 27 अनुपस्थित रहे। वहीं, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पडरौना में 293 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 282 ने परीक्षा दी और 11 अनुपस्थित रहे।
पांचों केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार कुल 2057 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस परीक्षा के माध्यम से मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता प्राप्त करने का अवसर मिलता है। इस दौरान विद्यार्थियों में उत्साह दिखा। र