कासगंज के अशोकनगर में लाइन पार स्थित खेत के ट्यूबवेल की छत पर बुधवार सुबह एक युवती का निर्वस्त्र शव मिला। युवती की गला रेतकर हत्या की गई। फिर शव को छत पर फेंका गया था। सूचना पर डीआईजी अलीगढ़ रेंज, एसपी और एएसपी ने घटनास्थल का मुआयना किया। डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जा रही है। शव का पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के अशोकनगर इलाके में लाइन पार फतेह सिंह का खेत है। इसमें बने एक कमरे में ट्यूबवेल लगा है। बुधवार सुबह करीब 7 बजे फतेह सिंह ट्यूबवेल पर गए तो उसकी छत पर युवती (18) का निर्वस्त्र शव पड़ा मिला।
">http://
वे तुरंत घर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर सीओ सदर आंचल चौहान और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। डीआईजी अलीगढ़ रेंज प्रभाकर चौधरी, एसपी ओपी सिंह और एएसपी सुशील कुमार घटनास्थल का मुआयना करने पहुंचे।
घर से सवा किमी दूर मिला शव
पुलिस के अनुसार, युवती की गला रेतकर हत्या की गई है लेकिन ट्यूबवेल की छत पर खून फैला नहीं मिला। युवती के शव को हत्या के बाद ठिकाने लगाने के लिए आबादी से दूर ट्यूबवेल की छत पर रखा गया था। मृतका इलाके की ही रहने वाली थी। उसका घर घटनास्थल से करीब सवा किलोमीटर दूर स्थित है।
परिजन के अनुसार, वह मंगलवार देर रात घर से लापता हो गई थी। सूचना पर पहुंचे परिजन से पूछताछ में घटना को लेकर कई अहम तथ्य पता चले हैं जिनकी पड़ताल की जा रही है।फिलहाल, मामले में पुलिस प्रेम प्रसंग समेत अन्य दृष्टिकोण पर पड़ताल कर रही है। दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
मौत की असल वजह पता करने के लिए डॉक्टरों के पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी। परिजन की ओर से अब तक तहरीर नहीं मिली है।
-ओपी सिंह, एसपी