फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: चकमार्ग खाली कराने को 30 साल से काट रहा हूं चक्कर

Sat, 05 Sep 2026 11:27 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
सदर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में सुनवाई  करतीं डीएम प्रियंका निरंजन, विधायक प्रतीक भूषण सिं
विज्ञापन
गोंडा। ‘मैडम, चकमार्ग और नवीन परती से कब्जा हटवाने के लिए 30 साल से अधिकारियों के चक्कर काट रहा हूं।’ शनिवार को सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में छाछपारा विशुनपुरवा निवासी अरविंद कुमार मिश्र ने डीएम प्रियंका निरंजन से यह फरियाद की। उन्होंने बताया कि 30 दिसंबर 1996 को बेदखली और जुर्माने का आदेश हो चुका है, लेकिन तीन दशक बाद भी उसका अनुपालन नहीं कराया गया। गांव के रास्ते पर मकान बन जाने से आवागमन प्रभावित है।
विज्ञापन

डीएम ने मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने अतिक्रमण और चकमार्ग से जुड़े मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम भेजकर कार्रवाई कराने तथा उसकी फोटो-वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए। मुजेहना के ढुढांव रामकोला की सुधा, मीरा और नीलम ने करीब दो किलोमीटर खराब सड़क की शिकायत की। उन्होंने बताया कि सड़क की हालत खराब होने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। खरगूपुर के चौरी परिहार निवासी छविराम वर्मा ने आरोपियों की गिरफ्तारी, जबकि लक्ष्मनपुर जाट के शिव कैलाश तिवारी ने छुट्टा पशुओं को गोशाला भेजने की मांग की। सदर तहसील में कुल 121 शिकायतें मिलीं, जिनमें पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। इस मौके पर सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, सीएमओ डॉ. संतलाल पटेल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किया गया।
करनैलगंज में आईं 70 शिकायतें, एक का भी निस्तारण नहीं
करनैलगंज। संपूर्ण समाधान दिवस में 70 शिकायतें आईं, लेकिन मौके पर एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। एसडीएम कुमार सत्यमजीत और सीओ आनंद राय ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। दूदा के ग्रामीणों ने आबादी और कंपोजिट विद्यालय से करीब 400 मीटर दूर प्रस्तावित सीएनजी प्लांट का विरोध किया। सरैया के सुरेश ने भाई पर हाईवे से लगी जमीन पर कब्जा करने, पैरोरी की कंचन ने पुश्तैनी गली में गड्ढा और नींव खोदकर रास्ता बाधित करने की शिकायत की। परसौली के रामसहारे ने कब्जा हटाने के पूर्व आदेश का अनुपालन न होने और अहमदपुर के अवधेश पटेल ने वृद्धावस्था पेंशन शुरू कराने तथा चरागाह व चकरोड से कब्जा हटाने की मांग की।
विज्ञापन

तरबगंज में कोर्ट की फाइलें नहीं मिलने की शिकायत
तरबगंज। सीआरओ रिंकी जायसवाल और एएसपी राधेश्याम राय ने शिकायतें सुनीं। सिंगहाचंदा के जीवननाथ तिवारी ने नायब तहसीलदार की अदालत से दो मुकदमों की फाइलें नहीं मिलने की शिकायत की। नौबस्ता के भाईलाल ने पिता की मौत के सात माह बाद भी वरासत दर्ज न होने की शिकायत की। रामपुर टेंगरहा, धनेश्वरपुर और देवरदा के ग्रामीणों ने नवीन परती व चकमार्ग पर कब्जे की शिकायत की। यहां 109 शिकायतों में से छह का मौके पर निस्तारण हुआ।
मनकापुर में भूमि विवाद की शिकायतें अधिक
मनकापुर। एसडीएम उदित पवार की अध्यक्षता में 91 शिकायतें मिलीं, जिनमें चार का मौके पर निस्तारण किया गया। केशवनगर ग्रंट की पिंका देवी ने जर्जर कच्चा मकान गिरने के बाद आवास की मांग की। कुड़ासन के राजेश कुमार सिंह ने सीमा नसब पत्थर तोड़े जाने, जिगरिया इस्मैला के आशीष तिवारी ने बंद सार्वजनिक शौचालय चालू कराने और पटखौली के सूर्यप्रकाश ने तालाब व रास्ते से अतिक्रमण हटाने की मांग की।

सदर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में सुनवाई  करतीं डीएम प्रियंका निरंजन, विधायक प्रतीक भूषण सिं

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें