इटियाथोक/बालपुर। सांड़ के हमले में घायल किसान राम प्रसाद ओझा (42) की शनिवार रात घर में मौत हो गई। इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर भेज दिया था। रविवार को परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, बालपुर क्षेत्र में सांड़ के हमले से दो दिन में 12 लोग घायल हो चुके हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
करुआपारा निवासी शुभम ओझा ने बताया कि उनके पिता राम प्रसाद सोमवार को इटियाथोक बाजार गए थे। थाने के सामने पैदल जाते समय सांड़ ने उन पर हमला कर दिया था। उन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया गया। इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें घर भेज दिया था। शनिवार रात उनकी मौत हो गई। परिवार में पत्नी कमलावती, मां नीलम देवी, बेटे शुभम और शिवम तथा बेटियां शुभी और अभी हैं। एसओ इटियाथोक गौरव सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं मिली है।
बालपुर, बालपुर हजारी और फतेहपुर सहित आसपास के गांवों में एक सांड़ के हमले से ग्रामीण परेशान हैं। दो दिन में उमाशंकर, सुघर देवी, शिवपूजन, सचिन, राजकुमार, नथुनी, शिवदयाल, बच्चा राम, संदीप और रमा कला समेत 12 लोग घायल हो चुके हैं। उमाशंकर और सुघर देवी की हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्राम प्रशासक आशा धर्मपाल सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी बीडीओ को दी गई है। खंड विकास अधिकारी देव नायक सिंह ने कहा कि सांड़ को जल्द पकड़वाया जाएगा।