महाराष्ट्र से आऐ शव वाहन को घेर कर बैठे मृतक के परिजन और ग्रामीण
- फोटो : महाराष्ट्र से आऐ शव वाहन को घेर कर बैठे मृतक के परिजन और ग्रामीण
सिरसागंज। सिरसागंज थाना क्षेत्र के ग्राम करहरा निवासी मजदूर की महाराष्ट्र में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजन ने हत्या की आशंका जताई है। रविवार को मजदूर का शव महाराष्ट्र से जब गांव पहुंचा तो परिजन ने बिना कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया।
ग्राम करहरा निवासी संजय (42) पुत्र बहादुर फिरोजाबाद की जगदम्बा ट्रांसपोर्ट पर काम करते थे। ट्रांसपोर्ट स्वामी अक्सर संजय को चूड़ी की उतराई के लिए कर्नाटक और महाराष्ट्र भेज दिया करते थे। 5 अक्तूबर को संजय बारामती महाराष्ट्र गया था। संजय की पत्नी स्नेहलता ने बताया कि 24 तारीख को उनकी संजय से फोन पर बात हुई थी, जिसके बाद संजय ने घर खर्च के लिए पैसे डाल दिए थे। 25 अक्तूबर को संजय ने जब घर पर बात की तो उनसे अपनी पत्नी को बताया कि वह काम खत्म करके घर आने वाला है। 25 अक्तूबर के बाद उनके परिजनों का उससे कोई संपर्क नहीं हो सका। काफी प्रयास करने के बाद भी जब संजय से कोई संपर्क नहीं हुआ तो संजय के परिजन फिरोजाबाद ट्रांसपोर्ट संचालक के पास पहुंचे और उनके साथ फिरोजाबाद के रसूलपुर थाने में उनकी गुमशुदगी की शिकायत देते हुए किसी अनहोनी की आशंका जाहिर की। शुक्रवार की रात परिजनों को पता चला कि संजय की सड़क हादसे में मौत हो गई है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब संजय उर्फ संजू का शव ग्राम करहरा पहुंचा तो परिजन ने शव को लेने से साफ इन्कार कर दिया।
परिजनों का कहना है कि इस मामले में उन्हें शुरू से ही अंधेरे में रखा गया है जब 25 अक्तूबर से ही संजू का मोबाइल बंद हो गया था तो उनकी मौत की खबर तीन दिन बाद कैसे पता चली। वहीं मौके पर पहुंचे एसपी देहात अनुज चौधरी और क्षेत्राधिकारी चंचल त्यागी ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।