संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुजुर्ग। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के सिरसिया बाबू गांव में मंगलवार की सुबह शॉर्ट सर्किट से एक मकान में आग लग गई। लपटें उठती देख परिवार के लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे में घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर समेत अधिकतर घरेलू सामान जलकर राख हो गए। हालांकि, समय रहते परिवार के सदस्यों को आग की जानकारी हो गई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
गांव निवासी रितेश सिंह के मकान में सुबह करीब चार बजे आग लगी। उस समय गांव में सन्नाटा था। अचानक मकान से धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। परिवार वालों के शोर पर आसपास के लोग जुट गए।
सीओ मनोज कुमार ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना मिली थी। माैके पर पुलिसकर्मियों को भेजा गया था।