नजीबाबाद। आंधी और बारिश से रविवार को करीब एक दर्जन पेड़ गिरने से नजीबाबाद-कोटद्वार ब्रांच लाइन पूरी रात बाधित रही। नजीबाबाद से रात्रि 10 बजे रवाना होने वाली आनंद विहार टर्मिनल ट्रेन पांच घंटा विलंब से तड़के करीब तीन बजे आनंद विहार के लिए रवाना हुई। सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस भी पांच घंटा विलंब से संचालित हुई।
रविवार को अचानक मौसम बिगड़ने और तेज हवाओं के बीच वर्षा होने का सर्वाधिक प्रभाव नजीबाबाद-कोटद्वार ब्रांच लाइन पर पड़ा। ब्रांच लाइन पर अलग-अलग स्थान पर करीब एक दर्जन पेड़ गिरने से रेल यातायात सवेरे तक बाधित रहा। कोटद्वार से दिल्ली के लिए रवाना हुई सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन स्नेह रोड हॉल्ट के निकट करीब पांच घंटे खड़ी रही। ट्रेन के आगे और पीछे की दिशा दोनों ओर की रेल लाइन पर करीब एक दर्जन पेड़ गिरने से रेल यातायात सवेरे तक बाधित रहा। रेलवे ने सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस के लिए पहले नजीबाबाद तक रेल लाइन पर गिरे पेड़ हटाकर सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस के लिए रेल लाइन क्लियर की।
एडीईएन अनिल कुमार मीना, पीडब्ल्यूआई मोहम्मद अनीस के नेतृत्व में रेलवे ने स्नेह रोड स्टेशन हाल्ट से कोटद्वार के बीच पेड़ हटाने का रात भर अभियान चलाया। सवेरे ब्रांच लाइन की पेड़ों से क्षतिग्रस्त हुई रेलवे विद्युतीकरण लाइन प्रातः सुचारु की गई। सोमवार को मुरादाबाद से पहुंचे एडीआरएम परितोष गौतम ने नजीबाबाद-कोटद्वार ब्रांच लाइन पेड़ों के गिरने से प्रभावित होने की स्थिति का जायजा लिया।
................
आनंद विहार टर्मिनल ट्रेन नजीबाबाद से हुई संचालित
नजीबाबाद। कोटद्वार ब्रांच लाइन पर पेड़ गिरने से रेल ट्रैक पूरी रात बाधित रहा। कोटद्वार से रात्रि 9:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल ट्रेन के कोच नजीबाबाद से कोटद्वार नहीं पहुंचने पर ट्रेन को नजीबाबाद स्टेशन से ही आनंद विहार के लिए संचालित करना पड़ा। कोटद्वार-आनंद विहार टर्मिनल ट्रेन सोमवार को तड़के लगभग तीन बजे आनंद विहार के लिए रवाना हुई। उधर, आनंद विहार से आने वाली टर्मिनल ट्रेन को भी नजीबाबाद स्टेशन तक सीमित रखा गया।
....................
रेल यात्रियों को रेलवे ने उपलब्ध कराईं बसें
नजीबाबाद। कोटद्वार से आनंद विहार टर्मिनल के बीच संचालित ट्रेन के यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे ने रोडवेज बसों का सहारा लिया। स्टेशन अधीक्षक आरडी मीना, सीएमआई आरके मीना, सीआईटी संतोष अरोड़ा ने कोटद्वार से तीन बसों के माध्यम से रात्रि 145 यात्रियों को नजीबाबाद स्टेशन से संचालित होने वाली आनंद विहार टर्मिनल ट्रेन तक पहुंचाया। उधर, आनंद विहार से कोटद्वार के बीच नजीबाबाद तड़के पहुंची टर्मिनल ट्रेन के 134 यात्रियों को भी रेलवे ने दो बसों के माध्यम से कोटद्वार तक पहुंचाया।