बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के संजय नगर में सोमवार सुबह कन्या भोज में शामिल होने जा रहे नौ साल के बालक पर कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने उसके दाहिने पैर में दो जगह काटकर घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने उसे बचाया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उसका उपचार किया गया।
संजय नगर निवासी अरविंद कक्षा दो का छात्र है। उसने बताया कि सोमवार सुबह वह मोहल्ले में आयोजित कन्या बरुआ भोज में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, कुत्ते ने उसके दाहिने पैर में दो जगह काट लिया।
स्थानीय लोगों ने कुत्ते से उसे बचाया। घटना के बाद अरविंद ने घर पहुंचकर परिजन को बताया। परिजन उसे एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसका उपचार किया जा रहा है। उसके पैर में गहरा घाव हुआ है।