सूचना मिलने के बाद जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने टावर पर चढ़ी युवती से नीचे उतरने की अपील की। मौके पर मौजूद लोगों ने भी उसे समझाने का प्रयास किया। हालांकि, युवती काफी देर तक नीचे आने के लिए तैयार नहीं हुई। इससे पुलिस और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई।
इस दौरान युवती अपने मोबाइल फोन पर किसी व्यक्ति से लगातार बातचीत करती रही। वह फोन पर किससे और क्या बात कर रही थी, इसकी जानकारी तत्काल नहीं हो सकी। युवती के मोबाइल पर बातचीत करने को लेकर मौके पर मौजूद लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भी होती रहीं।
पुलिसकर्मियों ने लोगों से भीड़ को नियंत्रित रखने और युवती को शांतिपूर्वक समझाने में सहयोग करने की अपील की। करीब एक घंटे तक लगातार प्रयास के बाद युवती को नीचे उतरने के लिए राजी किया गया। इसके बाद वह सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतर आई।
युवती के नीचे उतरने के बाद पुलिस उसे अपने साथ जीयनपुर कोतवाली ले गई। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर वह मोबाइल टावर पर क्यों चढ़ी थी। पुलिस युवती के टावर पर चढ़ने के पीछे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। घटना के दौरान काफी देर तक मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही। युवती के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद लोगों और पुलिस ने राहत की सांस ली।