विभिन्न मांगों को लेकर जुलूस निकालतीं इविवि की छात्राएं। अमर उजाला
- फोटो : shiv tripathi
पिंजरा तोड़ अभियान के तहत दिशा छात्र संगठन समेत विभिन्न प्रगतिशील छात्र संगठनों ने इविवि में फीस वृद्धि, सीटों में कटौती और स्त्री विरोधी अपराधों के खिलाफ मंगलवार को फ्रीडम मार्च निकाला।
महिला छात्रावास से शुरू हुआ मार्च केपीयूसी, बालसन चौराहा और इंडियन प्रेस चौराहा होते हुए आजाद प्रतिमा पहुंचा। इसमें छात्र-छात्राओं के साथ नागरिक भी शामिल हुए।
आजाद प्रतिमा पर हुई सभा में स्त्री मुक्ति लीग की अंजलि ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों के लिए उनके पहनावे, मोबाइल फोन या आधुनिक जीवनशैली को जिम्मेदार ठहराना गलत है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली और बीएचयू की छात्राओं के आंदोलनों ने महिला अधिकारों की लड़ाई को मजबूती दी है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2023 में देश में चार लाख से अधिक स्त्री विरोधी अपराध दर्ज हुए जबकि सामाजिक दबाव और लोकलाज के कारण काफी मामले सामने नहीं आ पाते हैं।
दिशा छात्र संगठन की अवनी ने कहा कि महिलाओं को अब भी अपने पेशे, पहनावे और जीवनसाथी जैसे निजी फैसले लेने की पूरी स्वतंत्रता नहीं मिल पाती है। मार्च में सौम्या, पूजा, शिवानी, अंजना आदि शामिल रहीं।