गंभीर हालत पर मजदूर सीएचसी से रेफर कर दिया गया।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आगरा के थाना किरावली क्षेत्र के गांव चैंकोरा में बुधवार को एक किसान के घर सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान बड़ा हादसा टल गया। टैंक के अंदर जहरीली गैस की चपेट में आने से एक मजदूर बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसे उसके साथी मजदूर ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए रस्सी के सहारे बाहर निकाला। आनन-फानन में घायल मजदूर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे आगरा स्थित एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जगन विहार कॉलोनी निवासी दो वाल्मीकि समुदाय के मजदूर 30 वर्षीय अजय और 35 वर्षीय राजकुमार बुधवार को चैंकोरा गांव में एक किसान के घर सेप्टिक टैंक की सफाई करने गए थे। सुबह करीब 11 बजे मजदूर अजय जैसे ही सेप्टिक टैंक के अंदर उतरा, वहां मौजूद जहरीली गैस के प्रभाव से वह अचेत होकर बेहोश हो गया। यह देख दूसरे मजदूर राजकुमार ने बिना समय गंवाए रस्सी के सहारे टैंक में उतरकर अजय को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन व ग्रामीण बेहोश हुए अजय को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरावली पहुंचे, जहां अधीक्षक डॉ. राघवेंद्र सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को गंभीर देखते हुए एंबुलेंस से एसएन हॉस्पिटल, आगरा रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार अजय का इलाज चल रहा है।
मामला संज्ञान में है। बुधवार दोपहर को चैंकोरा में सेप्टिक टैंक की सफाई करने उतरे युवक को अचेत होने पर उसे सीएचसी किरावली पर लाया गया, प्राथमिक उपचार के बाद उसका साथी भी ठीक है। किरावली सीएचसी से अजय को एसएन आगरा रेफर किया गया है। अब हालत में सुधार हैं।
-शैलेंद्र सिंह, एसीपी अछनेरा