एलिस हुआंग का एनवीडिया चिप कनेक्शन: आखिर चीन कैसे पहुंची सबसे ताकतवर ब्लैकवेल तकनीक? ऐसे हुआ खुलासा

कुलदीप शर्मा
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीकुलदीप शर्मा
Sat, 28 Nov 2026 02:26 PM IST
सार
  • शंघाई के डेटा सेंटर में प्रतिबंधित Nvidia Blackwell चिप्स और GB300 सर्वर मिले।
  • इनका संबंध कारोबारी एलिस हुआंग और सिंगापुर की मेगास्पीड से बताया गया है।
  • सर्वर गिरवी रखकर चीनी कंपनियों ने करोड़ों युआन का कर्ज लिया।
  • अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद ताइवान और मलेशिया के रास्ते चिप्स चीन पहुंचाए गए।
Nvidia Blackwell Chips Found in Chinese Data Center Linked to Alice Huang
पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग। - फोटो : पीटीआई।

    विस्तार

    अमेरिका के कड़े निर्यात प्रतिबंधों और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सख्त चेतावनी के बावजूद अमेरिकी चिप दिग्गज एनवीडिया की सबसे ताकतवर ब्लैकवेल तकनीक चीन पहुंच गई है। ताजा सरकारी दस्तावेजों से खुलासा हुआ है कि शंघाई के एक विशाल डेटा सेंटर में एनवीडिया के बेहद आधुनिक GB300 और GB200 सर्वर इस्तेमाल हो रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा प्रोजेक्ट विवादों में घिरी कारोबारी एलिस हुआंग और उनकी कंपनी मेगास्पीड के नेटवर्क से जुड़ा है, जिस पर पहले से ही चिप तस्करी के आरोपों की अमेरिकी जांच चल रही है।

    बैंक लोन के कागजों ने खोली तस्करी की पोल

    इस पूरे मामले का पर्दाफाश तब हुआ जब चीनी नियामकों के पास जमा किए गए लोन दस्तावेजों की पड़ताल की गई। शंघाई शुओयाओ नाम की कंपनी ने एनवीडिया का एक बेहद शक्तिशाली GB300 NVL72 सर्वर रैक गिरवी रखकर शंघाई इनोवेशन बैंक से 96 मिलियन युआन यानी लगभग 1.4 करोड़ डॉलर का कर्ज हासिल किया। इसी तरह शंघाई केझान नाम की दूसरी कंपनी ने भी ब्लैकवेल चिप आधारित GB200 सर्वर दिखाकर एक सरकारी लीजिंग कंपनी से 90 मिलियन युआन का लोन लिया। ये दस्तावेज साबित करते हैं कि चीनी वित्तीय संस्थानों को प्रतिबंधित अमेरिकी हार्डवेयर के देश में आने की पूरी जानकारी थी।

    ताइवान में बना था डेढ़ टन वजनी सर्वर रैक

    एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग ने कभी दावा किया था कि ये सर्वर रैक आकार में इतने बड़े और भारी होते हैं कि इनकी तस्करी करना नामुमकिन है। एक सामान्य GB300 NVL72 रैक की ऊंचाई करीब दो मीटर और वजन 1,500 किलोग्राम से ज्यादा होता है, जिसमें 72 ब्लैकवेल अल्ट्रा चिप्स लगे होते हैं। वारंटी डेटाबेस में सीरियल नंबर की जांच करने पर पता चला कि शंघाई में मिला यह रैक ताइवान की कंपनी गीगाबाइट टेक्नोलॉजी ने तैयार किया था। हालांकि गीगाबाइट ने यह बताने से इनकार कर दिया कि उसने यह उपकरण मूल रूप से किस खरीदार को बेचा था।

    एलिस हुआंग और मेगास्पीड का संदिग्ध नेटवर्क

    शंघाई का यह यांग्त्जी रिवर डेल्टा प्रोजेक्ट करीब 8 लाख सर्वर की क्षमता के हिसाब से बनाया जा रहा है, जो ओपनएआई के डेटा सेंटरों को टक्कर दे सकता है। इस पूरे नेटवर्क के पीछे कई चौंकाने वाले कनेक्शन सामने आए हैं:

    • मेगास्पीड की भूमिका: सिंगापुर स्थित मेगास्पीड कंपनी ने 2024 में निवेशकों को इसी प्रोजेक्ट का नक्शा दिखाया था। अमेरिका ने चिप तस्करी के खतरे को देखते हुए मेगास्पीड को ट्रेड ब्लैकलिस्ट में डाल दिया है।
    • एलिस हुआंग से सीधा जुड़ाव:एलिस हुआंग ने 2023 में मेगास्पीड की स्थापना की थी और वे इस चीनी प्रोजेक्ट में निवेश करने वाली कई कंपनियों से जुड़ी हैं। इस प्रोजेक्ट के अध्यक्ष कांग वेई को भी उनका करीबी पार्टनर बताया जाता है।
    • जापानी कंपनी का पर्दा:शंघाई केझान की 83.3 प्रतिशत हिस्सेदारी टोक्यो की नेक्सपावर कंपनी के पास है, जिसे चीनी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार एलिस हुआंग ही नियंत्रित करती हैं।

    पुराने हॉपर चिप्स की भी हो चुकी है घुसपैठ

    इस डेटा सेंटर में केवल नई ब्लैकवेल चिप्स ही नहीं, बल्कि एनवीडिया की पिछली पीढ़ी के प्रतिबंधित हॉपर चिप्स भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं। दस्तावेजों के मुताबिक शंघाई लोंगजी नाम की कंपनी ने सुपर माइक्रो और डेल के बने ऐसे सर्वर गिरवी रखकर 200 मिलियन युआन का लोन लिया, जिनमें हॉपर चिप्स लगे हैं। इसके अलावा शंघाई केझान के पास भी H200 चिप वाले 32 सर्वर मौजूद हैं, जिनके सीरियल नंबर छिपाए गए हैं। ये दोनों कंपनियां एक ही कमर्शियल कॉम्प्लेक्स से काम करती हैं और इन्होंने पिछले साल अपने कारोबार में आयात-निर्यात का काम भी जोड़ा था।

    स्टोरेज बॉक्स बताकर मलेशिया से मंगाए गए सर्वर

    कस्टम विभाग के आंकड़ों से इस बात के भी संकेत मिले हैं कि प्रतिबंधों से बचने के लिए कागजों में हेरफेर किया जा रहा है। मई 2025 में मलेशिया से हवाई मार्ग के जरिए शंघाई केझान को 1.1 करोड़ डॉलर की एक खेप भेजी गई थी। कस्टम दस्तावेजों में इसे साधारण 'स्टोरेज चेसिस' यानी खाली डिब्बा बताया गया था, लेकिन इसका प्रोडक्ट कोड कंप्यूटिंग सर्वर का था। इस खेप की प्रति यूनिट कीमत 2.64 लाख डॉलर थी, जो किसी साधारण ढांचे के बजाय एनवीडिया के महंगे एआई सर्वर की कीमत से मेल खाती है। इस खुलासे के बाद अमेरिकी बाजार में एनवीडिया के शेयरों पर भी दबाव देखा गया।