फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हॉकी विश्व कप: अपने आखिरी मैच में बेल्जियम का सामना करेगी भारतीय पुरुष टीम, सातवें स्थान के लिए होगा मुकाबला

Thu, 27 Aug 2026 11:28 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, एम्सटेलवीन

सार

भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सामना शुक्रवार को बेल्जियम से होगा। भारतीय टीम का एफआईएच विश्व कप में यह आखिरी मुकाबला होगा। हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम पहले ही खिताब की दौड़ से बाहर हो चुकी है।
विज्ञापन
भारतीय पुरुष हॉकी टीम - फोटो : Hockey India
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पांच दशक बाद विश्व कप में पदक जीतने का सपना टूटने के बाद भारतीय पुरुष हॉकी टीम आखिरी मैच में जीत के साथ स्वदेश लौटना चाहेगी। शुक्रवार को होने वाले इस मुकाबले में उसके सामने सह मेजबान और मौजूदा प्रो लीग चैंपियन बेल्जियम को उसके मैदान पर हराने की कठिन चुनौती है। नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में पहले और दूसरे चरण के मैच खेलने वाली भारतीय टीम पूल ई में चौथे स्थान पर रहने के बाद सातवें/आठवें स्थान का क्लासीफिकेशन मुकाबला खेलने यहां आई है। लेकिन हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम की राह इतनी आसान नहीं है क्योंकि उसके सामने 2018 विश्व कप चैंपियन दुनिया की दूसरे नंबर की टीम है जो टूर्नामेंट शुरू होने से पहले खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही थी। बेल्जियम भी सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर होने के झटके से उबरकर आखिरी मैच जीतने का पूरा प्रयास करेगी।
विज्ञापन

अर्जेंटीना के खिलाफ हारकर पदक की उम्मीद टूटी
अर्जेंटीना के खिलाफ दूसरे दौर के आखिरी मैच में हारकर बाहर हुई भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में धीमी शुरुआत और 60 मिनट तक लय बरकरार नहीं रख पाने के लिए आलोचना झेल रही है। भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद बनाए रखने के लिए अर्जेंटीना को बड़े अंतर से हराना था, लेकिन 39वें सेकेंड में ही गोल गंवाने के बाद बने दबाव से टीम निकल ही नहीं सकी। डिफेंस लगातार चरमराता रहा और फॉरवर्ड पंक्ति में तालमेल का अभाव दिखा, जबकि मिडफील्ड में गैप का पूरा फायदा उठाकर अर्जेंटीना ने 5-3 से जीत दर्ज करके भारत को अंतिम चार की दौड़ से बाहर कर दिया था। भारत ने टूर्नामेंट में 14 गोल किए और 16 गंवाए।
विज्ञापन

एशियाड के जरिये ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करना होगा लक्ष्य
विश्व कप में सातवां स्थान हासिल करने के अलावा भारत को अगले महीने होने वाले एशियाई खेलों से पहले मजबूत प्रतिद्वंद्वी को हराकर अपना खोया आत्मविश्वास भी हासिल करना होगा। विश्व कप में निराशा के बाद अब जापान के आइची नागोया में होने वाले एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के लिए सीधे क्वालिफाई करना ही पिछले दो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता टीम का लक्ष्य होगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 6:15 बजे से शुरू होगा। भारतीय टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टोन का मानना है कि बेल्जियम के खिलाफ गलतियों की गुंजाइश नहीं होगी और उनकी टीम को सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें