हिमाचल प्रदेश में अक्तूबर के दौरान सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, एक से 20 अक्तूबर तक प्रदेश में सामान्य से 36 फीसदी अधिक बारिश हुई। इस अवधि में राज्य के अधिकांश जिलों में सामान्य से ज्यादा बादल बरसे। कांगड़ा जिले में सबसे अधिक 142 फीसदी अतिरिक्त बारिश दर्ज की गई, जबकि बिलासपुर में सामान्य से 95 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा, सोलन में 65, हमीरपुर में 60, कुल्लू में 36, चंबा और लाहौल-स्पीति में 33-33 फीसदी, शिमला में 30 और मंडी में सामान्य से 12 फीसदी अधिक बारिश हुई। इसके विपरीत सिरमौर में सामान्य से 41 फीसदी और किन्नौर में 30 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई।