दस दिन पहले हरजिंदर सिंह अपनी पत्नी सुखविंदर कौर के साथ एक्टिवा पर जगरांव से घरेलू सामान खरीदकर मोगा रोड के रास्ते गांव गालिब खुर्द लौट रहे थे। जब वे परदेसी ढाबे के नजदीक पहुंचे तो एक अज्ञात वाहन ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी।
जगरांव-मोगा मार्ग पर परदेसी ढाबे के नजदीक हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। घरेलू सामान खरीदकर घर लौट रहे दंपती को क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा।
विज्ञापन
हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे पति ने भी 10 दिन तक चले उपचार के बाद दम तोड़ दिया। एक ही हादसे में पति-पत्नी की मौत से गांव गालिब खुर्द में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक की पहचान गांव गालिब खुर्द निवासी पूर्व सूबेदार हरजिंदर सिंह के रूप में हुई है। उनकी पत्नी सुखविंदर कौर की हादसे वाले दिन ही मौत हो गई थी। हरजिंदर सिंह की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
विज्ञापन
करीब 10 दिन पहले हरजिंदर सिंह अपनी पत्नी सुखविंदर कौर के साथ एक्टिवा पर जगरांव से घरेलू सामान खरीदकर मोगा रोड के रास्ते गांव गालिब खुर्द लौट रहे थे। जब वे परदेसी ढाबे के नजदीक पहुंचे तो एक अज्ञात वाहन ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से एक्टिवा का संतुलन बिगड़ गया और पति-पत्नी सड़क पर गिर पड़े।
आरोप है कि इसी दौरान अज्ञात वाहन दोनों को कुचलता हुआ मौके से फरार हो गया। हादसा इतना भीषण था कि सुखविंदर कौर के सिर पर गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हरजिंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
हरजिंदर सिंह को सिविल अस्पताल जगरांव पहुंचाया गया। सिर पर गंभीर चोटें होने के कारण डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें लुधियाना रेफर कर दिया था। वहां पिछले 10 दिनों से उनका उपचार चल रहा था, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। पत्नी के बाद पति की भी मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।