खंडवाला इलाके में बुधवार रात तेज रफ्तार इनोवा की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि करीब छह लोग घायल हो गए। हादसा रात करीब साढ़े आठ बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि ई-रिक्शा समेत कई लोग कार की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास के लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पीसीआर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इनोवा चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। आरोपी चालक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस के अनुसार, इनोवा कार खंडवाला के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान उसने सड़क पर मौजूद लोगों और ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत होने की सूचना है। अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने जताया नशे में होने का शक
हादसे के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इनोवा चालक के नशे की हालत में होने की बात कही। हालांकि पुलिस ने अभी तक चालक के नशे में होने की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। पीसीआर टीम के पुलिस अधिकारी शमशेर सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान उन्हें लोगों से हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को हिरासत में लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाने भेज दिया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस कार चालक और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।