गाड़ी से दर्द निवारक दवा टेपेंटाडोल की 550 गोलियां बरामद होने पर पंजाब पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर दिया। जबकि यह दवा एनडीपीएस एक्ट के दायरे में ही नहीं आती थी। जांच के दौरान इस तथ्य के सामने आने के बावजूद पुलिस ने अदालत में चालान पेश कर दिया।
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने पुलिस की इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पंजाब सरकार को याचिकाकर्ता कुलवंत सिंह को एक लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। अदालत ने उसके खिलाफ दर्ज एफआईआर और इससे जुड़ी पूरी कानूनी कार्यवाही भी रद्द कर दी।
जस्टिस विक्रम अग्रवाल ने कहा कि जब जांच में स्पष्ट हो गया था कि बरामद गोलियों में मौजूद टेपेंटाडोल हाइड्रोक्लोराइड एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रतिबंधित पदार्थ नहीं है, तो इसके बावजूद चालान पेश करने का कोई संतोषजनक कारण नहीं बताया गया। अदालत ने जांच अधिकारी के खिलाफ शुरू की गई विभागीय कार्रवाई को भी नाकाफी बताते हुए इसे महज दिखावा करार दिया।