फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कुदरत का कहर: यूपी में 57 जिंदगियां लील गई मूसलाधार बारिश, मकान-पेड़ गिरे; पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट

Sat, 26 Sep 2026 10:10 PM IST
Bhupendra Singh अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ

सार

यूपी में मूसलाधार बारिश के बीच कुदरत का कहर भी बरपा। अलग-अलग हादसों में 57 लोगों की मौत हो गई। लोगों के मकान और पेड़ गिर गए। पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट जारी किया गया है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
1 of 5
यूपी में 57 जिंदगियां लील गई मूसलाधार बारिश - फोटो : अमर उजाला/संवाद न्यूज एजेंसी।
उत्तर प्रदेश में बृहस्पतिवार आधी रात के बाद शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार शाम तक भी नहीं थमा। इतना बरसा कि बारिश लोगों के लिए आफत बन गई। कई जगह कच्चे मकान ढह गए। जगह-जगह पेड़, पोल गिरने से रास्ते बाधित हो गए। बिजली के पोल उखड़ने और लाइन टूटने से आपूर्ति बाधित हुई। 

बारिश के कारण हुए हादसों में प्रदेश भर में 57 लोगों की जान चली गई। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को भी प्रदेश के 13 जिलों में भारी बारिश के संकेत हैं। मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत और बरेली में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। तराई के नौ अन्य जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
 
विज्ञापन

2 of 5
बारिश से गिरा घर। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।

कानपुर में 45 साल का रिकार्ड टूटा

शनिवार को लखीमपुर खीरी में सर्वाधिक 342 मिमी बारिश हुई। सीतापुर में 273.2, बांदा में 245.6 और बहराइच में 239 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बांदा और हमीरपुर में एक दिन की बारिश का अब तक का रिकार्ड टूट गया। हमीरपुर में 210 मिमी और बांदा में 245.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। कानपुर में 45 साल का रिकार्ड टूटा। 175.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है। 

बारिश से हुए हादसों में सबसे ज्यादा 26 मौतें अवध के जिलों में हुईं। इनमें सीतापुर में छह, बहराइच में पांच, बलरामपुर, अयोध्या में चार-चार, बाराबंकी में तीन, गोंडा में दो, अमेठी व श्रावस्ती में एक-एक व्यक्ति की मौत शामिल है। ब्रज के क्षेत्र मैनपुरी में दो और एटा में एक की जान गई है। लखीमपुर खीरी में छह, गोरखपुर में पांच की मौत हुई है। हरदोई में चार, हमीरपुर में तीन और महोबा, बांदा, जौनपुर, संतकबीरनगर, प्रयागराज, प्रतापगढ़ में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं कानपुर में दो, फर्रुखाबाद में एक और फतेहपुर में एक मौत हुई है। 
 
विज्ञापन

3 of 5
बरेली के गांव गैनी में गिरा कैलाश मौर्य का घर। - फोटो : अमर उजाला

तापमान गिरा

बारिश से कई जिलों में दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया। बरेली में अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सितंबर के प्रेक्षण इतिहास में सबसे कम है। इटावा, शाहजहांपुर, मुरादाबाद और आगरा में भी सितंबर का अब तक का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार से बारिश में कमी आने की संभावना है। रविवार को प्रदेश के 27 जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
 

4 of 5
बारिश से गिरी घर की छत व दीवार। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।

रेल-हवाई सेवाएं प्रभावित

वाराणसी में खराब मौसम के कारण एयर इंडिया की एक उड़ान निरस्त रही, जबकि पटना जा रहे दो विमानों को वाराणसी डायवर्ट किया गया। इसके अलावा लखनऊ आ रहीं पांच उड़ानों को डायवर्ट कर दिल्ली और एक को नोएडा भेजा गया। 

रायबरेली में ऊंचाहार-फाफामऊ रेलखंड में अरखा और परियावां स्टेशनों के बीच रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया। सुबह पांच बजे पेड़ हटाए जाने के बाद आवागमन बहाल हुआ। बस्ती में बारिश के बीच शनिवार को गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर अलग-अलग स्थानों पर पेड़ गिरने से रेल परिचालन प्रभावित रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
बारिश और तेज हवाओं से गिरी केले की फसल। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।

फसल को नुकसान 

बारिश से धान और बाजरा की फसल को नुकसान पहुंचाया है। प्रयागराज, कौशाम्बी और प्रतापगढ़ जिले में सैकड़ों बीघे धान की फसल गिर गई। हमीरपुर में खेत में बोई तिल की फसल पानी में डूबी देख किसान गिर पड़े। 
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें